सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में संकल्प वृक्ष अभियान के तहत मध्यप्रदेश के सभी जिलों के पवित्र स्थलों की मिट्टी एकत्रित कर संकल्प वृक्ष समारोह के लिए भोपाल भेजी जा रही है। इसी कड़ी में विदिशा जिले के पवित्र चरण तीर्थ घाट की मिट्टी का कलश एनसीसी कैडेट्स को भोपाल ले जाने के लिए सौंपा गया।
विदिशा जिले के चरण तीर्थ घाट को धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि इस पवित्र स्थल पर भगवान श्रीराम के चरण स्थापित हैं। इसी पावन स्थल से विधिवत रूप से मिट्टी एकत्रित कर कलश में रखी गई है, जिसे संकल्प वृक्ष समारोह में शामिल करने के लिए भोपाल भेजा जा रहा है।
14 एमपी एनसीसी बटालियन, विदिशा के कमान अधिकारी कर्नल अंशुभान सिंह एवं एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल सनी वैद्य के निर्देशानुसार पवित्र मिट्टी के कलश को संयुक्त कलेक्टर व नोडल अधिकारी श्रीमती दीपाश्री काशवानी द्वारा सेंट मेरी पीजी महाविद्यालय के सीनियर एनसीसी कैडेट अंडर ऑफिसर अदिति बड़ोदिया एवं सीनियर कैडेट ऋतिक दांगी को सौंपा गया। दोनों कैडेट्स यह पवित्र कलश लेकर भोपाल पहुंचेंगे और संकल्प वृक्ष समारोह में विदिशा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर 14 एमपी एनसीसी बटालियन के सूबेदार मेजर हृदय रंजन तथा एनसीसी अधिकारी कैप्टन डॉ. रामानंद मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कैडेट्स को उनके दायित्व के प्रति सजगता एवं अनुशासन के साथ पवित्र मिट्टी का कलश भोपाल पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
सेंट मेरी पीजी महाविद्यालय के संचालक फादर सिन्टो वर्गिस एवं प्राचार्य डॉ. धीरेंद्र सचान ने दोनों एनसीसी कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले के पवित्र स्थल की मिट्टी को संकल्प वृक्ष समारोह तक पहुंचाना गौरव का विषय है। यह पहल जिले की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक विरासत को प्रदेश स्तर पर सम्मान देने के साथ ही सेवा, संकल्प और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने वाली पहल है।


