आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर प्रशासन का फोकस
अपर कलेक्टर श्री इकबाल मोहम्मद ने जनसुनवाई में सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश
आमजन की समस्याओं का त्वरित, संवेदनशील एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर कलेक्टर श्री इकबाल मोहम्मद ने जिला मुख्यालय स्थित जनसुनवाई सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अपर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर ने आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी ली तथा प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी दौरान पृथ्वीपुर में आयोजित खंडस्तरीय जनसुनवाई में उपस्थित आवेदकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को भी सुना गया। अपर कलेक्टर ने पृथ्वीपुर के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर तत्परता से कार्यवाही करते हुए आवेदकों को समय-सीमा में राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर श्री इकबाल मोहम्मद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर उसका प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में जांच आवश्यक है, उनमें जांच प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूर्ण कर शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की नियमित निगरानी की जाए तथा प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो। आमजन को अपनी समस्या के निराकरण के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर संबंधित विभागों तक पहुंचाने और उनके समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जनसुनवाई में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री अनिल कुमार तलैया, सुश्री मनीषा जैन, सीईओ जनपद पंचायत निवाड़ी श्रीमती वंदना कैथल, डीएसओ श्रीमती सपना सेन एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

