मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आज शुक्रवार को जिले की जनपद पंचायत पाटन की ग्राम पंचायत कांकरखेडा, पौडी छपरी, रमखिरिया, नीची, सिमरिया (जरोंद), अमरपुर, डुंगरिया, घटेरा, पडरिया (व्यौहारी), हरदुआ, पौडीकला, पौडीखुर्द एवं नगर परिषद कटंगी के वार्ड क्रमांक 10 से 12 का अनुविभाग स्तर पर गठित अभियान दलों ने भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान अभियान दलों ने शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति जानी, विकास कार्यों का जायजा लिया तथा नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण भी किया।
अभियान के अंतर्गत अनुविभागीय राजस्व अधिकारी पाटन मानवेन्द्र सिंह के नेतृत्व वाले दल ने ग्राम पंचायत कांकरखेडा में स्कूल, आंगनवाडी केन्द्र, पंचायत भवन का निरीक्षण किया। अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्री सिंह ने पंचायत भवन में ग्रामीणों से संवाद कर प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन से प्राप्त शिकायतों का भी समय पर और आवेदकों की संतुष्टि से निराकरण करने की हिदायत अधिकारियों को दी।
अनुविभागीय राजस्व अधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने ग्राम पंचायत पौडी (छपरी) के ग्राम अचलोनी के भ्रमण के दौरान मार्ग के किनारे लगी झाडियों की छटाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने ग्रामवासियों की पोनिया मार्ग के निर्माण की मांग पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने निर्देशित किया। मुक्तिधाम में शेड निर्माण एवं हेंडपंप के फाउंडेशन का कार्य कराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये गये। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को ग्राम पोनिया में क्षतिग्रस्त पाईप लाईन दो दिन के भीतर सुधारने की हिदायत दी गई।
अनुविभागीय राजस्व अधिकारी ने अभियान दल के सदस्यों के साथ ग्राम पंचायत रमखिरिया का भी भ्रमण किया। इस दौरान हाई स्कूल का निरीक्षण कर शिक्षा के स्तर में गुणात्मक सुधार लाने पर जोर दिया तथा ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु संबधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये गये।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत क्षेत्र भ्रमण के बाद नगर परिषद कटंगी में जनसंवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसंवाद के इस कार्यक्रम में नागरिकों को शासन द्वारा संचालित जनहितैषी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी गई किया गया तथा क्षेत्र भ्रमण के दौरान प्राप्त शिकायतों के निराकरण की स्थिति प्रस्तुत की गई।



