सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को वेतन, भत्ते आदि का भुगतान आईएफएमआईएस पोर्टल के माध्यम से जिला कोषालय द्वारा किया जाता है। पोर्टल में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की ईएसएस एम्पलाईज सेल्फ सर्विस प्रोफाइल बनाई गई है। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी पुष्पेन्द्र शुक्ला ने इस संबंध में कहा है कि सभी आहरण संवितरण अधिकारी तथा कार्यालय प्रमुख अपने अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों की ईएसएस प्रोफाइल अनिवार्य रूप से अपडेट करवा लें। इसका मुख्य उद्देश्य शासकीय सेवक की व्यक्तिगत एवं सेवा संबंधी जानकारी को डिजिटली अपडेट रखना एवं सुरक्षित रखना है, जिससे उसके स्वत्वों के ऑनलाइन भुगतान में किसी भी तरह की कठिनाई न हो।

जिला कोषालय अधिकारी ने कहा है कि शासकीय सेवकों के वेतन, पेंशन तथा अन्य भुगतान संबंधी बिलों के परीक्षण के दौरान पाया गया है कि अधिकांश कर्मचारियों की ईएसएस प्रोफाइल अपडेट नहीं है। कई में जानकारियाँ अधूरी और त्रुटिपूर्ण दर्ज हैं। सभी कार्यालय प्रमुख शासकीय सेवकों के परिवार के सदस्यों की जानकारी अपडेट कराएं।

बैंक खाता तथा बैंक का आईएफएससी कोड दर्ज करते हुए खाता धारक द्वारा नामांकित परिवार के सदस्य का विवरण भी अपडेट कराएं। पोर्टल में समग्र आईडी की लिंकिंग और मैपिंग आवश्यक है। शासकीय सेवक के वर्तमान और स्थाई पता, शैक्षणिक योग्यता, मोबाइल नम्बर, ईमेल आईडी और पहचान संबंधी विवरण भी अपडेट करा लें। इसके लिए संचालनालय कोष एवं लेखा द्वारा दो माह की समय सीमा निर्धारित की गई है।

इस संबंध में किसी भी तरह की कठिनाई आने पर जिला कोषालय से संपर्क करें।