कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा दिये गये निर्देशो के क्रम में सीएससी कार्यालय श्योपुर में आज सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालकों के लिए महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में किसानों से संबंधित विभिन्न डिजिटल सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं के कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण के दौरान फॉर्मर रजिस्ट्री, पीएम किसान, ई-केवायसी टोकन बुकिंग एवं धान पंजीयन से संबंधित कार्यों की प्रक्रिया एवं प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दी गई।

इस अवसर पर सीएससी जिला प्रबंधक श्री विनोद कुशवाह द्वारा निर्देश दिए गए कि फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए अभियान के रूप में पूर्ण किया जाए। सभी सीएससी संचालकों को अपनी संबंधित ग्राम पंचायत के किसानों से संपर्क कर फॉर्मर रजिस्ट्री के लंबित कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीएम किसान, ई-केवायसी, टोकन बुकिंग एवं धान पंजीयन का कार्य भी समयबद्ध तरीके से करने तथा किसानों को इन सेवाओं का लाभ सुचारू रूप से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। सीएससी जिला कार्यालय द्वारा सभी सीएससी संचालकों से अपील की गई कि वे प्रशिक्षण में दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए किसानों को सरकारी योजनाओं एवं डिजिटल सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराएं और फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें। उल्लेखनीय है कि जिले भर में 450 सीएससी संचालित है।